Skip to main content

मेरी अधूरी कहानी

ढलते दिन का संगीत सुनकर,
रखता हूँ राख, बुझते जीवन से चुनकर,
काल के कपाल पर लिखता मिटाता हूँ,
एक अधूरी सी कहानी है, जो मनभर गुनगुनाता हूँ!!

तारों में लिखी कहानी चुनकर,
खिलता हूँ एक आखरी निशानी बनकर,
रेत के घरौंदे सा रचता मिटाता हूँ,
एक अधूरी सी कहानी है, जो मनभर गुनगुनाता हूँ!!

फूलों से टपकी लोरियाँ सुनकर,
रखता हूँ नींद से सपने चुनकर,
परियों के किस्सों सा जीवन गढ़ता जाता हूँ,
एक अधूरी सी कहानी है, जो मनभर गुनगुनाता हूँ!!

पुरवाई के झोंकों से झूमकर,
रखता हूँ मौजों को सहेज कर,
पानी की बूँदों सा बहता जाता हूँ,
एक अधूरी सी कहानी है जो मनभर गुनगुनाता हूँ!!

रात के अंधेरों से लिपट कर,
रखता हूँ तारों को समेट कर,
अमावस के चाँद सा खिलता जाता हूँ,
एक अधूरी सी कहानी है,जो मनभर गुनगुनाता हूँ!!!

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

रेत की नाव

उतर सकता था लहरों के साथ, रक्षा की रस्सी कफ़न हो गयी। पंखों पे लग गये पहरे सफ़र में, उड़ने की आशा दफ़न हो गयी। यही नाव मन था आशा हिलोरें बाँधा जो मन को लहर खो गये रेतों औ कंकड़ पे जड़ हो  पड़ा जाना जिधर  था शहर खो गये किसको सुनायेंगे ये दास्ताँ कि अपने ही ज़िद में पड़े रह गये। समय ले गया ज़िंदगानी चुराकर रेत के नाव सा हम खड़े रह गये।

आखिर जिम्मेदार कौन?

ना जाने कौन है वो लोग जो कहते है, We are proud to be Indians? ना जाने कैसे सो जाते है वो ना मर्द, जो कभी जाति तो कभी धर्म तो कभी बदले की आग में औरतों की आत्मा का चीरहरण कर जाते है? जिन लोगों की सुरक्षा के लिए ये सरकार बनाई गई अपने मतलब के लिए ना जाने क्यों, ये गूंगी, बहरी और अंधी बन जाती है? जिस देश ने औरतों को देवी का दर्जा दिया, वहां अब कोई औरत बिना डर से अकेली नहीं निकल सकती.. इस डर से कि ना जाने कब कौन सा दरिंदा उसका शिकार कर जाएं? जो बेटी बनकर घर सजाती, बहु बनकर रिश्ते, पत्नी बनकर किसी की जिंदगी.. जो मां बनकर एक नई जान इस दुनिया में लाती... ना जाने क्यूँ? हर गाली उससे ही शुरू, उसपे ही खत्म और हर कोई उसे ही चरित्रहीन कह जाता है। बदले की आग, चरित्र की परीक्षा, तानों का प्रहार, ना जाने क्यूँ, हर बार औरतों को ही शिकार बनाया जाता है? काश ये दुनिया सिर्फ मर्दों की होती, यहां औरतों का अक्स भी ना होता! तब शायद इन दरिंदो को औरतों की अहमियत की कद्र होती..! हर जगह क्राइम, पर मीडिया तो अंधी भक्त बन बैठी है। जिन्हें हैदर, सीमा और लव जिहाद दिखाकर लोगों के अंदर नफरत का कीड़ा बोने से फुर्सत ही नही...